शहर के बीच में चेतगंज, न्यू कॉलोनी ककरमत्ता, चौरछटवा, शीलनगर, गणेशबाग, कृष्णानगर रानीपुर कॉलोनी, शिवराजनगर कॉलोनी, महमूरगंज, शिवपुरवा, गोकुलनगर, पंचशीलनगर कॉलोनी, कंदवा, भिखारीपुर, मड़ौली, कबीरनगर सहित 20 कॉलोनियां ऐसी रहीं, जहां शाम 4 बजे से लेकर रात 11 बजे तक बिजली की आवाजाही बनी रही। कभी 15 तो कभी 20 मिनट की बिजली कटती रही। यानी कि 7 घंटे में एक घंटे बिजली कटी रही। उधर, ग्रामीण इलाकों में भी बिजली का आना-जाना जारी रहा।
बहादुरपुर में शाम 7:25 बजे ट्रांसफॉर्मर में आग लग गई। पहले तो आग मामूली थी, लेकिन धीरे-धीरे आग की लपटें बढ़ती गईं। आसपास के लोगों ने किसी तरह उपकेंद्र को सूचना देकर बिजली कटवाई, नहीं तो बड़ी घटना हो जाती। चेतमणि चौराहे पर सोमवार को शाम करीब 5 बजे ट्रांसफॉर्मर के पास आग लगने से आसपास के इलाकों में बिजली कट गई।
पहले लोगों ने बिजली कटवाई, फिर पानी और मिट्टी के प्रयोग से आग को बुझाया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे बिजली निगम कर्मियों ने तार बदला, तब जाकर राहत हुई। इस वजह से करीब आधे घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। दिन में चांदपुर बाटा मोड़ के पास भी ट्रांसफॉर्मर का लीड जलने की वजह से आपूर्ति बाधित हो गई। यहां ट्रॉली ट्रांसफॉर्मर लगाकर किसी तरह बिजली दी गई।
इन जगहों पर रही सर्वाधिक समस्या
- कृष्णानगर कॉलोनी, रानीपुर में शाम 6 बजे से 8 बजे के बीच 3 बार बिजली कटी।
- शिवराजनगर कॉलोनी, महमूरगंज, शिवपुरवा में रात 7 से 8:30 बजे तक एक ही फेज में बिजली एक घंटे तक रही।
- गोकुलनगर कॉलोनी में 6 बजे से 7:15 बजे के बीच 3 बार बिजली कटी।
- इंडस्ट्रियल एरिया चांदपुर में 5:35 बजे से 7 बजे के बीच दो बार बिजली गुल रही।
- कैंसर अस्पताल को बिजली देने वाला केबल जला, जिला अस्पताल में भी कटी बिजली
सोमवार की शाम मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन के पास हनुमान मंदिर के पास अंडरग्राउंड केबल जल गया। इसी केबल से होमी भाभा कैंसर अस्पताल को बिजली आपूर्ति की जाती है। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे डीपीएच मंडुवाडीह के एसडीओ बिजली कर्मियों को लेकर पहुंचे। यहां पहले तो फॉल्ट नहीं मिल रहा था, जब मिल गया तो कर्मचारी उसे बनाने में जुट गए।
किसी तरह दूसरे स्रोत से कैंसर अस्पताल की बिजली आपूर्ति जारी रही, नहीं तो बड़ी समस्या खड़ी हो जाती। उधर, पांडेयपुर स्थित दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल के सामने बन रहे मेडिकल कॉलेज के गेट पर जेसीबी की खुदाई में अस्पताल में बिजली सप्लाई वाला तार कट गया। इस वजह से सोमवार की सुबह 8 बजे से 11 बजे तक ओपीडी में अंधेरा रहा।