बरदह में विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत पांच फीडर बरदह, बड़गहन, बहादुरपुर, जीवली और राजागंज आते हैं। गर्मी में बिजली कटौती और ट्रिपिंग की समस्या से लोग जूझ रहे हैं। ट्रिपिंग से घ्ररेलू बिजली उपकरण जल जा रहे हैं। जेई आतिश यादव ने बताया कि ट्रिपिंग की समस्या फिलहाल बनी हुई है, जिसे जल्द ठीक कर लिया जाएगा।
मेंहनगर में भी बदन झुलसा देने वाली गर्मी के बीच लगातार हो रही विद्युत कटौती से लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। अमौड़ा, लौदर, खड़कपुर, चकवारा सहित कृषि फीडरों के माध्यम से ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति की जाती है, लेकिन वर्तमान में बिजली की अनियमित आपूर्ति, बार-बार ट्रिपिंग और ब्रेकडाउन की समस्या के चलते लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
एक हजार ट्रांसफार्मर तैयार
विद्युत वर्कशॉप के अधिशासी अभियंता आशीष कुमार ने बताया कि गर्मी को देखते हुए वर्कशॉप में विभिन्न क्षमता के लगभग एक हजार ट्रांसफार्मर पहले से ही तैयार कर रख लिए गए हैं। अभी कोई ज्यादा समस्या नहीं है क्योंकि औसतन करीब 12 से 13 ट्रांसफार्मर जल रहे हैं और रोज करीब 25 से अधिक ट्रांसफार्मर तैयार किए जा रहे हैं। शिकायत आने के बाद समय से ट्रांसफार्मर बदल दिए जा रहे हैं।
कभी लोकल फाल्ट तो कभी ब्रेक डाउन के नाम पर बिजली काट दी जा रही है। बिजली कब आ रही कब जा रही इसका कोई समय नहीं है। - ऋषभ तिवारी, बरदह
रोस्टर के अनुसार बिजली नहीं मिल रही है। सुबह और रात में अधिक ट्रिपिंग हो रही है। बार-बार ट्रिपिंग होने से लोग गर्मी में बेहाल हो जा रहे हैं। - दिनेश कुमार, अहरौला
गर्मी बढ़ने के कारण बिजली की डिमांड सामान्य दिनों की अपेक्षा काफी बढ़ गई है। शनिवार की अपेक्षा रविवार को 45 मेगावाट तक बढ़कर बिजली की डिमांड 558 मेगावाट तक पहुंच गई है। उपभोक्ता अनावश्यक बिजली का उपयोग न करें। - मो. अरशद, अधिशासी अभियंता ट्रांसमिशन
रोस्टर के अनुसार ही बिजली की आपूर्ति की जा रही है। अभी कहीं ज्यादा ओवरलोड की समस्या नहीं है। जहां फॉल्ट हो रहे हैं, उसको बनाने के लिए शटडाउन लिया जा रहा है। बिजली व्यवस्था में सुधार के भी कार्य कराए जा रहे हैं। - गौरव तिवारी, अधीक्षण अभियंता।