डाक विभाग ने भी अब डिजिटल क्रांति में एक ओर कदम बढ़ाया है। अब डाकघर में स्पीड पोस्ट, पार्सल सहित अन्य पंजीकृत डाक सेवाओं की मानीटरिंग अब आप घर बैठे कर सकेंगे। पोस्टमैन के पास डाक कब पहुंची, उसका वितरण वह कब करेगा, इस बारे में भी पूरी जानकारी ऑनलाइन मिल सकेगी।
डाक विभाग के पूर्वी मंडल की ओर से पोस्टमैन मोबाइल एप्लीकेशन सेवा का शुभारंभ प्रवर अधीक्षक अभिनव प्रताप सिंह की ओर से की गई।
डाक विभाग की ओर से समय से डाक संबंधित व्यक्ति तक न पहुंचने की शिकायत मिलती रहती है।
इसमें प्राय: पोस्टमैन के कार्यों पर भी सवाल उठता है लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। मोबाइल एप्लीकेशन सेवा के तहत बनारस पूर्वी और पश्चिमी मंडल के सात वितरण डाकघरों के 137 पोस्टमैन को एंड्राइड प्लेटफार्म आधारित 4जी स्मार्ट फोन (मोबाइल) दिया गया।
प्रवर अधीक्षक ने बताया कि अब स्मार्टफोन लेकर पोस्टमैन घर आएगा और डाक देने के बाद प्राप्तकर्ता से हस्ताक्षर लेगा या अंगूठा लगवाएगा। इसके माध्यम से डाक वितरण का समय और स्थान तुरंत मुख्य सर्वर पर आ जाएगा जो डाक विभाग की वेबसाइट से कहीं से भी देखा जा सकता है।
यह जीपीएस सिस्टम के तहत मुख्य सर्वर से जुड़ा है। बताया कि जल्द ही मुगलसराय, बीएचयू, विश्वेश्वरगंज सहित अन्य डाकघरों में भी यह सुविधा शुरू होगी।