वैक्सीन लगवाते जैतपुरा थाना के प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण राय।
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी में दूसरे चरण के टीकाकरण में गुरुवार को फ्रंटलाइन वर्कर को टीका लगाया जा रहा है। इसमें नगर निगम कर्मी, पुलिसकर्मियों, पंचायत विभाग आदि से जुड़े कर्मचारियों को को टीका लगाने के साथ ही उन्हें दूसरी डोज की जानकारी भी दी जा रही है।
इधर स्वास्थ्य विभाग की ओर से थाना कोतवाली,दशाश्वमेध, सारनाथ, लालपुर, आदमपुर में भी टीकाकरण केंद्र बनाया गया है। जहां सुबह से ही थाना प्रभारियों के साथ ही पुलिसकर्मी भी पूरे उत्साह के साथ टीका लगवा रहे हैं। कोतवाली थाने में स्वास्थ विभाग की ओर से नोडल अफसर डॉ. अतुल सिंह ने पुलिसकर्मियों को टीकाकरण के प्रभाव के बारे में बताया।
उन्होंने कहा कि टीका पूरी तरह सुरक्षित है और इसका सेहत पर किसी तरह का कोई दुष्प्रभाव नहीं पड़ता है। उन्होंने अधिक से अधिक पुलिसकर्मियों से टीका लगवाए जाने की अपील की। जिले में 11-12 फरवरी को 14444 लोगों को टीका लगाया जाएगा। इसमें 11 को 30 केंद्रों पर 6202 और 12 फरवरी को 26 केंद्रों पर 8242 लोगों का टीकाकरण होगा।