वाराणसी। प्रधानमंत्री आगमन के दौरान खुफिया विभाग की रिपोर्ट पर पुलिस ने कई सपा नेताओं को रडार पर ले लिया। आशंका है कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में सपा नेता खलल डाल सकते हैं। हालांकि खुफिया रिपोर्ट पर पुलिस ने ऐसे सपा नेताओं को चिह्नित करते हुए बुधवार रात में पहुुंचकर कड़ी हिदायत दी। वहीं कुछ नेताओं को पुलिस ने नजरबंद भी किया। लंका और भेलूपुर थाना अंतर्गत 80 से अधिक अवांछनीय तत्वों को पुलिस ने चिन्हित करते हुए परिजनों से संपर्क साधा। बीएचयू में भगत सिंह छात्रा मोर्चा की ओर से हुए विरोध प्रदर्शन के बाद से पुलिस और भी सतर्क हो गई है।
लंका थाना अंतर्गत बीएचयू स्थित आईआईटी मैदान में प्रधानमंत्री की जनसभा स्थल को देखते हुए पुलिस विशेष एहतियात बरत रही है। कार्यक्रम में खलल डालने के संभावित अवांछनीय तत्वों पर पैनी नजर रखने के साथ ही फोर्स की संख्या भी जनसभा पर बढ़ा दी गई है। सादे वेश में पुलिस कर्मियों को लगाया गया। कमिश्नरेट में छह सर्किल में बंटे एलआईयू निरीक्षकों को भी एलर्ट किया गया है।