छेड़खानी के आरोपी को दो दिन पुलिस हिरासत में रखने के बाद सुलह समझौता करवा कर मामले को रफा दफा कर देने से निराश एक युवती ने बृहस्पतिवार दोपहर घर में फंदे से लटक कर जान दे दी । घटना के संबंध में अभी तक कोई केस नहीं दर्ज है।
मृत युवती (19) आजमगढ़ जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली थी। उसकी मां की मौत हो चुकी है। पिता मजदूरी करते हैं। बड़ा भाई कहीं बाहर नौकरी करता है। युवती की मां की मौत के बाद उसके पिता ने दूसरी शादी कर ली जिससे दो बच्चे हैं। तीन दिन पूर्व सोमवार को युवती किसी काम से खेत की तरफ गई थी। इसी दौरान गांव के एक अधेड़ ने उसके साथ छेड़खानी की।
युवती की शिकायत पर कप्तानगंज पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। दो दिन बाद बुधवार को पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर दबाव डालते हुए सुलह-समझौता कराकर अधेड़ को छोड़ दिया। पुलिस के इस हरकत से युवती परेशान थी।