परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास करने आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा अभेद्य होगी। प्रधानमंत्री के पांच स्तरीय सुरक्षा में रहने वाले एनएसजी कमांडो और पैरामिलिट्री फोर्स सहित 21 आईपीएस और 10 हजार से ज्यादा जवानों को कार्यक्रम स्थल पर ड्यूटी के लिए तैनात कर दिया गया है।
एसपीजी ने बुधवार को फ्लीट रिहर्सल के दौरान तैयारियों को अंतिम रूप दिया। सुरक्षा इतनी चौक चौबंद बनाई गई है कि संपूर्णानंद संस्कृत यूनिवर्सिटी से सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर तक सड़क मार्ग से गुजरने के दौरान ऊंची इमारतों और मकानों की छतों पर चार से पांच स्नाइपर तैनात किए गए हैं। इस रूट पर पड़ने वाले मोड़ पर बैरिकेडिंग के साथ ही जगह-जगह पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। एक तरह से किला बंदी कर दी गई है। सुरक्षा में तैनात जवानों द्वारा कई मकानों को भी खंगाला गया।
सुरक्षा में तैनात फोर्स को पुलिस कमिश्नर ने पुलिस लाइन में ब्रीफ करते हुए ड्यूटी के बाबत कड़ी हिदायत दी। उधर, बाबतपुर एयरपोर्ट से शिवपुर तक सुरक्षा की कमान संभालने वाले पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अमित वर्मा ने भी हरहुआ स्थित लान में फोर्स को ब्रीफ करते हुए मुस्तैदी से ड्यूटी करने के लिए निर्देशित किया।
एसपीजी अधिकारियों ने बाबतपुर एयरपोर्ट से लेकर संपूर्णानंद संस्कृत यूनिवर्सिटी, सिगरा और बीएचयू स्थित जनसभा स्थल के आसपास की सुरक्षा अभेद बनाने को लेकर सुबह से लेकर रात तक कई बार चक्रमण किया।
आईआईटी बीएचयू खेल मैदान में होने वाली जनसभा स्थल पर सुरक्षा को कई चरण में बांटा गया। आईआईटी जिमखाना के सामने दो गेट से आमजन और मीडिया और कार्यकर्ताओं को प्रवेश दिया जाएगा तो वहीं कृषि फार्म परिसर के पास वाले गेट से प्रधानमंत्री और अन्य वीवीआईपी आईआईटी खेल मैदान में दाखिल होंगे। दोपहर में एसपीजी अधिकारियों और पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने मौजूद फोर्स की ड्यूटी प्वाइंट पर मुस्तैद किया।
मंच के सामने डी ब्लॉक में कमांडो और पैरामिलिट्री फोर्स मौजूद होगी। जनसभा के प्रत्येक गैलरी में सादे वेश में भी तेज तर्रार पुलिस अफसरों और जवानों को मुस्तैद किया गया है। पीएम आगमन से पूर्व बीएचयू के प्रत्येक द्वार को भी बंद किया जा सकता है। सिर्फ मरीज वाहनों के लिए गेट खुलेंगे।