जैतपुरा में किराए के भवन में चलने वाला शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अब नवनिर्मित भवन में चलाया जाएगा। यहां पहले से तो मरीजों को सुविधाएं मिल रही है, लेकिन आने वाले दिनों में इसमें विस्तार भी किया जाएगा, जिससे केंद्र पर आने वालों को कोई असुविधा न हो। विधायक निधि से 24.99 लाख रुपये में बनकर तैयार नवनिर्मित भवन का लोकार्पण राज्यमंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने किया। उन्होंने यहां निरीक्षण कर सुविधाओं की जानकारी भी ली।
शहरी पीएचसी जैतपुरा पर 15 से 18 साल तक के किशोरों का टीका भी लगाया गया। इस दौरान सेंटर फॉर एडवोकेसी एंड रिसर्च (सीफार) के सहयोग से नुक्कड़ नाटक का मंचन कर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। राज्यमंत्री ने जैतपुरा की सात आशा कार्यकर्ताओं गीता तिवारी, रेणु वर्मा, नीलिमा मिश्रा, अनीता गुप्ता, हुस्न आरा, सरोज व रीता देवी को शासन से भेजे गए मोबाइल फोन का वितरण किया। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि केंद्र पर बच्चों के टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, सामान्य खांसी, जुकाम व बुखार, संचारी व गैर संचारी रोगों की जांच, परिवार नियोजन परामर्श आदि की सेवाएं मिल सकेंगी। यहां प्रभारी चिकित्सा अधिकारी सहित कुल 13 लोगों का स्टाफ कार्य कर रहा है। इसमें एक चिकित्सा अधिकारी, एक फार्मासिस्ट, एक लैब टैकनीशियन, एक स्टाफ नर्स, दो सहयोग स्टाफ, पांच एएनएम तैनात रहेंगे। कार्यक्रम में डीएचईआईओ हरिवंश यादव ने किया। इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, डॉ. आलोक श्रीवास्तव, एसीएमओ डॉ. एके मौर्या, चिकित्साधिकारी डॉ. अतुल सिंह आदि मौजूद रहे।