प्रदेश भर में खलबली का सबब बन चुकी टीजीटी-पीजीटी भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी के तार भदोही जिले से जुड़ गए हैं। इसका खुलासा बुधवार देर शाम स्वास्थ्य विभाग के एक कर्मचारी पर कार्रवाई से हुई। पेपर आउट मामले में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गिर्दबड़गांव के फार्मासिस्ट भारत भूषण सिंह को सीएमओ ने निलंबित कर दिया।
22 दिन पहले एसटीएफ ने फार्मासिस्ट को लखनऊ से गिरफ्तार किया था। केस दर्ज होने के बाद वह 20 दिनों तक जेल में भी रहा। कुछ माह पहले टीजीटी-पीजीटी का पेपर आउट हो गया था। प्रकरण की जांच कर रही एसटीएफ प्रदेश भर से जुड़े नेटवर्क को खंगाल रही है। उसी क्रम में नेटवर्क में शामिल भदोही जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गिर्दबड़गांव में तैनात फार्मासिस्ट भारत भूषण सिंह को लखनऊ के समीप गत दिनों एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया था। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
फार्मासिस्ट को जेल जाने की खबर जब स्वास्थ्य विभाग को लगी तो वह अवाक रह गया। सूत्र बताते हैं कि फार्मासिस्ट का नेटवर्क जिले में भी काम करता है। पूछताछ में उसने एसटीएफ को कई अहम जानकारियां दी हैं। सीएमओ ने निदेशालय को पत्र लिखकर इससे अवगत कराया। निदेशालय के निर्देश पर बुधवार शाम को फार्मासिस्ट भारत भूषण सिंह को सीएमओ डॉ. सतीश सिंह ने निलंबित कर दिया। उन्होंने कहा कि संबंधित फार्मासिस्ट को निलंबित कर निदेशालय को रिपोर्ट भेजी गई है।