गैस सिलिंडर की आपूर्ति सामान्य होने के दावों के बावजूद एजेंसियों पर सुबह से शाम तक उपभोक्ताओं की लाइनलग रही है। अफसर बैठक कर हालात को सामान्य बनाने पर तुले हुए हैं। वहीं एजेंसियों पर बिना सिलिंडर लिए लौट रहे लोग प्रशासन की उम्मीदों पर पानी फेर रहे हैं।
शुक्रवार को जिले के कई गैस एजेंसियों पर सुबह से दोपहर तक गैस सिलिंडर के लिए उपभोक्ता लाइन में लगे रहे। करीब 200 मीटर तक फैली लाइन में लगे लोगों को उम्मीद थी कि दिन में गैस की आपूर्ति होगी, लेकिन शाम तक कई उपभोक्ताओं को निराश होकर खाली हाथ लौटना पड़ा। अधिकतर उपभोक्ता सर्वर की समस्या के कारण घंटों एजेंसियों पर डटे रहे। इस बीच सर्वर के कारण दिनभर बहसबाजी भी होती रही। सर्वर के कारण बुकिंग, डीएसी कोड और ई-केवाईसी भी कई लोगों की नहीं हो पाई।
कई लोग सुबह से भूखे-प्यासे कतार में खड़े रहे और आखिरकार उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ा। इस दौरान महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा। भदऊ चुंगी, महमूरगंज, तेलियाबाग, पड़ाव समेत कई गैस एजेंसियों पर देर शाम तक भीड़ जुटी रही।
जिला पूर्ति अधिकारी के बी सिंह ने बताया कि कई लोगों को वास्तव में आवश्यकता है, वहीं कुछ लोग पैनिक के कारण जबरदस्ती भीड़ जुटाने का प्रयास कर रहे हैं। इसी कारण से सर्वर पर लोड बढ़ गया है। स्थिति यह है कि वर्षों से गैस सिलिंडर न लेने वाले उपभोक्ता भी अब सक्रिय हो गए हैं, जिससे वितरण व्यवस्था पूरी तरह दबाव में आ गई है। बावजूद इसके प्रशासन के ओर से स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।