शहर को एक तरफ कटौती मुक्त घोषित कर दिया गया है वहीं दूसरी तरफ घंटों बिजली गुल रहने से लोग बेहाल हैं। गांव से लेकर शहर तक बिजली आपूर्ति चरमराई हुई है। रविवार को सुबह से कटौती का सिलसिला शुरू हुआ तो देर रात तक कई इलाके में अलग-अलग चरणों में कटौती होती रही। बिजली की आंखमिचौली से शहर के कई हिस्सों में पानी की आपूर्ति भी बाधित हुई। उधर रात दस बजे कैंट सबस्टेशन में खराबी के चलते करीब तीन से चार घंटे तक आधे शहर की बिजली गुल रही। जिससे लोग रात भर उमस से परेशान रहे।
बारिश के चलते शहर के कई क्षेत्रों में जंपर उड़ने, स्पार्क होने के कारण सुबह ही बिजली ट्रिप कर गई। महेशपुर में ट्रांसफार्मर बदलने के लिए आपूर्ति दोपहर 12 बजे से देर शाम तक के लिए ठप की गई। इससे मंडुवाडीह, बौलिया, सिंधोरिया कॉलोनी, लहरतारा आदि क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ा। बेनियाबाग, मछोदरी, वरुणापार के कई उपकेंद्रों से भी कई चरणों में बिजली कटी।
उधर, चौबेपुर क्षेत्र के उगापुर उपकेंद्र से शनिवार रात से कादीपुर, चौबेपुर, छितौनी, कैथी फीडर की सप्लाई बंद है। इससे गांवों में पेयजल का संकट गहरा गया है। रविवार की देर रात तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। बिजली न होने से घरों के इनवर्टर तक जवाब दे गए। जिससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। ग्रामीण क्षेत्र के अधिशासी अभियंता एम लाल ने बताया कि ट्रांसफार्मर में आई तकनीकी गड़बड़ी के चलते आपूर्ति बाधित हुई। मरम्मत का काम चल रहा है, देर रात तक आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।