वाराणसी। त्योहार के चलते चार दिन की छुट्टी के बाद सोमवार को शहर में लोग निकले। इससे जगह-जगह जाम लगा रहा। चौराहों पर खड़ी पुलिस को जाम छुड़ाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
यातायात माह के तहत शहर भर में यातायात पुलिस की ओर से लोगों को नियमों का पाठ तो पढ़ाया जा रहा है लेकिन जाम से छुटकारा नहीं मिल पा रहा है। सोमवार को नदेसर, अंधरापुल, चौकाघाट, लहुराबीर, कबीरचौरा, मैदागिन और सिगरा इलाके की सड़क पर अधिक जाम दिखा। शाम को मंडुवाडीह और ककरमत्ता में भी जाम की समस्या रही। एडीसीपी ट्रैफिक दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि जाम से निजात के लिए चौराहों पर तैनात पुलिसकर्मियों को निगरानी का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा यातायात माह में नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है।
--------
बेतरतीब खड़े होने वाले वाहन भी मुख्य वजह
शहर में जाम लगने की वजह सड़कों पर बेतरतीब ढंग से खड़े हो रहे वाहन हैं। नदेसर मार्ग पर सड़क किनारे लगे दो पहिया और चार पहिया वाहनों के चलते जाम लगा रहता है। उधर अंधरापुल की ओर जा रहे लोगों को रेलवे द्वारा चल रहे निर्माण कार्य की वजह से जाम से जूझना पड़ा। यही हाल लहुराबीर और कबीरचौरा मार्ग का रहा। एक ओर निर्माण कार्य दूसरी ओर अतिक्रमण की वजह से लोगों को जाम का सामना करना पड़ा। सिगरा से रथयात्रा मार्ग पर भी जाम की समस्या रही।
------
ट्रैफिक पुलिस ने दो लाख का गुम चेक वापस किया
मैदागिन चौराहे पर ट्रैफिक इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह और सिपाही अमन सिंह जाम खाली कराने में लगे थे। तभी उनकी नजर सड़क पर गिरे एक चेक पर पड़ी। चेक के साथ लगी स्लिप पर नाम और नंबर की जानकारी होने पर संबंधित व्यक्ति को फोन किया। फोन पर चेक मिलने की बात सुनकर चौक निवासी प्रभुनाथ सिंह काफी खुश हुए और मैदागिन चौराहे पहुंचे। टीआई ने उन्हें उनका दो लाख का गुम चेक वापस किया। प्रभुनाथ ने यातायात पुलिस द्वारा किए गए इस कार्य के लिए उनको धन्यवाद किया।