बीएचयू अस्पताल में एमएस आफिस के बाहर विरोध जताते मरीजों के परिजन
- फोटो : अमर उजाला
बीएचयू अस्पताल में भर्ती ब्लैक फंगस के मरीजों के परिजनों ने दवा, इंजेक्शन के लिए एमएस ऑफिस पर बुधवार को प्रदर्शन किया। करीब घंटे भर तक प्रदर्शन के बाद सीएमओ ऑफिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पीएम के संसदीय कार्यालय में पीएम को संबोधित मांग पत्र देकर दवा, इंजेक्शन के साथ ही इलाज की सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
वहीं, इस दौरान पुलिस के रोकने पर नोकझोंक भी हुई। बीएचयू सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में इस समय ब्लैक फंगस के 135 मरीजों का इलाज चल रहा है। ऐसे मरीजों के इलाज में इंजेक्शन एंफोटेरिसिन बी लगाने के साथ ही जरूरत पड़ने पर टैबलेट पोसाकोनाजोल दिया जाता है।
मरीजों के परिजनों ने बताया है कि पिछले कई दिनों से न तो दवा मिल रही है न ही इंजेक्शन। कई बार शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। बताया कि बुधवार को बीएचयू अस्पताल के एमएस से भी मुलाकात हुई, लेकिन उन्होंने दवा, इंजेक्शन पर खर्च अधिक होने का हवाला दिया।