सोमवार की शाम योगी आदित्यनाथ पद्मविभूषण स्व. पं. छन्नूलाल मिश्र के सिद्धगिरी बाग स्थित आवास पहुंचे। उन्होंने परिजनों और बेटी डॉ. नम्रता मिश्रा से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और कहा कि हम सभी को शास्त्रीय संगीत की धरोहर पंडित छन्नू लाल मिश्र के जाने का दुःख है।
पंडित छन्नूलाल मिश्र ने भारतीय शास्त्रीय संगीत परंपरा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का काम किया था। उनके प्रति हर भारतीय बड़ी कृतज्ञता के साथ उनका स्मरण करता है। आजमगढ़ के छोटे से गांव हरिहरपुर की अपनी पैतृक परंपरा से आगे चलकर उन्होंने काशी को अपनी कर्म साधना की स्थली बनाया और यहां रहकर भारत की शास्त्रीय संगीत की परंपरा को जिन ऊंचाइयों तक पहुंचाने का काम किया।
उनकी सेवाओं के लिए ही भारत सरकार ने उन्हें पद्म सम्मान से सम्मानित कर उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की। बाबा विश्वनाथ और मां गंगा से यही प्रार्थना है कि पंडित छन्नूलाल मिश्र को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।
सीएम ने नमोघाट पर किया गंगा आरती का शुभारंभ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कालभैरव एवं विश्वनाथ मंदिर में विधिवत दर्शन पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने नमो घाट पर शुरू किए गए गंगा आरती का औपचारिक शुभारंभ किया। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर की ओर से आयोजित गंगा आरती में इंग्लैंड के वेलिन बोरो नगर के मेयर राज कुमार मिश्र, अमेरिकन दूतावास के अधिकारी सुरेश कुमार मदान सहित बड़ी संख्या में विभिन्न प्रांतों सहित विदेशी श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।