संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में स्थित पंचदेव मंदिर का विकास श्री काशी विश्वनाथ धाम की तर्ज पर होगा। अमेरिकी अप्रवासी भारतीय ने विश्वविद्यालय परिसर में स्थित मंदिर के सुंदरीकरण का बीड़ा उठाया है। पंच मंदिरों के जीर्णोद्धार और सुंदरीकरण का कार्य चल रहा है।
कुलपति प्रो. हरेराम त्रिपाठी ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में स्थित पंच मंदिरों का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। भारतीय मूल के अमेरिकी उद्योगपति रमन त्रिपाठी ने मंदिर के जीर्णोद्धार की जिम्मेदारी उठाई है। उनकी संस्था ट्रिडेंट सेवा समिति ट्रस्ट द्वारा सनातन धर्म के सिद्धांतों को बढ़ावा देना, आश्रम और वैदिक शिक्षा का समर्थन देना, 1001 मंदिरों की मरम्मत कराना उद्देश्य है।
इसी के मद्देनजर संस्कृत विश्वविद्यालय के पंचमंदिर के जीर्णोद्धार के लिए हर संभव सहयोग दे रहे हैं। पंच मंदिरों को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मॉडल पर विकसित किया जाएगा। इसके साथ-साथ विश्वविद्यालय के सर्वांगीण विकास कार्य में भी उन्होंने हर संभव मदद और सहयोग का आश्वासन दिया है। कुलपति ने बताया कि इसके साथ-साथ कुलपति आवास में स्थापित मंदिर, सती माता मंदिर को मॉडल रूप में विकसित किया जा रहा है।