बीएचयू के सुपरस्पेशियलिटी ब्लॉक(एसएसबी) में इमरजेंसी के शिफ्ट होने के बाद भी मरीजों की समस्या नहीं दूर हो पा रही है। हालत यह है कि यहां भी मरीजों को बेड नहीं मिल पा रहे हैं। मरीजों के परिजन बाहर स्ट्रेचर पर मरीज को लिटाकर अंदर बेड मिलने का इंतजार कर रहे हैं। बुधवार को दोपहर में एसएसबी के बाहर एक बुजुर्ग महिला को बेड नहीं मिला तो उसे जमीन पर लिटाकर ऑक्सीजन लगा दिया गया।
मध्य प्रदेश के सिंगरौली निवासी जिस बुजुर्ग महिला को जमीन पर लिटाकर ऑक्सीजन दिया गया था, उसे तेज बुखार था। सांस की तकलीफ से भी परेशान थी। परिजनों ने बताया कि मंगलवार रात में आने के बाद कुछ देर तक एसएसबी भूतल स्थित हाल में भर्ती किया गया, इसके बाद डॉक्टर ने चेस्ट डिपार्टमेंट में दिखाने और कुछ जरूरी जांच कराने की सलाह दी। भर्ती करने के बजाय बाहर जमीन पर ऑक्सीजन लगा दिया गया। ऐसे में इलाज को लेकर परेशानी बढ़ती जा रही है। बता दें कि बीएचयू अस्पताल में कायाकल्प के तहत पुरानी बिल्डिंग में चलने वाली इमरजेंसी का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। इसके लिए ही इमरजेंसी को आठ नवंबर को सुपरस्पेशियलिटी ब्लॉक में इमरजेंसी का संचालन कराया जा रहा है।