प्राइवेट कंपनियों में नौकरी का विज्ञापन देकर बेरोजगारों से ठगी करने के मामले में एक और आरोपी शिवपुर थाने की पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान भवानीपुर निवासी गिरिजेश कुमार मौर्य के रूप में हुई है।
विज्ञापन
शिवपुर थाने की पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने गत तीन मई को प्राइवेट कंपनियों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगारों को ठगने के मामले में नितिन कुमार उपाध्याय और रेशमा को गिरफ्तार किया था। इंस्पेक्टर शिवपुर रवि शंकर त्रिपाठी ने बताया कि मुकदमे की विवेचना के क्रम में दरोगा जितेंद्र कुमार गुप्ता और प्रशिक्षु दरोगा नितिन सिंह की टीम ने गिरिजेश को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में गिरिजेश ने बताया कि वह नितिन को काफी दिन से जानता है। नौकरी के फर्जी विज्ञापन से संबंधित पंफलेट वह छाप कर नितिन को देता था। आम ग्राहकों की अपेक्षा नितिन उसे ज्यादा पैसा देता था। पकड़े जाने के डर से वह फर्जी पंफलेट पर अपने प्रिंटिंग प्रेस का नाम-पता नहीं डालता था।