वाराणसी जिले में कोरोना टीकाकरण अभियान ने रफ्तार पकड़ ली है। पांच दिन में टीका लगवाने वालों का आंकड़ा डेढ़ लाख के पार हो गया है। मंगलवार को शहरी और ग्रामीण इलाकों में 28,187 लोगों ने टीका लगवाया। सबसे अधिक 19,627 ने पहली डोज लगवाई। 16 जनवरी से चल रहे अभियान में 28 लाख लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। नौ महीने में आंकड़ा 22 लाख से ऊपर पहुंच गया है।
टीकाकरण को लेकर लोगों में उत्साह इतना अधिक है कि सुबह से ही केंद्रों पर लाइन लग रही है। हर कोई जल्द से जल्द टीका लगवाना चाह रहा है। अगर पांच दिन के अभियान की बात करें तो अब तक 1,50,094 लोगों का टीकाकरण हुआ है। मंगलवार को 5113 सैंपलों की रिपोर्ट में कोरोना का एक मरीज मिला। एक मरीज होम आइसोलेशन में स्वस्थ हुआ। अब कुल पांच एक्टिव मरीज रह गए हैं।
डेंगू के तीन संदिग्ध मरीज, 11 घरों में मिला लार्वा
वाराणसी जिले में डेंगू के मरीज दिन प्रतिदिन मिलते जा रहे हैं। मंगलवार को जिले में तीन संदिग्ध मरीज मिले। सूलगढ़ में 32 वर्षीय, ककरहिया में 16 वर्षीय और कोनिया में 32 वर्षीय महिला शामिल हैं। कुल संदिग्ध मरीजों की संख्या 1475 हो गई है। जिला मलेरिया अधिकारी एससी पांडेय ने बताया कि मंगलवार को 1659 घरों में सर्वे किया गया। 11 घरों में डेंगू का लार्वा मिलने पर नोटिस जारी किया गया। वर्तमान में बीएचयू में 16, मंडलीय अस्पताल में 9, शास्त्री अस्पताल रामनगर में 4, दीनदयाल अस्पताल में 7 मरीजों के साथ ही निजी अस्पताल मिलाकर 107 का इलाज चल रहा है।