पहले फ्रांस और फिर मुंबई से परिवार संग शुक्रवार को वाराणसी आई 33 वर्षीय महिला में कोरोना की पुष्टि होने के बाद उसे नदेसर स्थित होटल में क्वारंटीन किया गया है। इस बीच शनिवार को सामनेघाट (लंका) में रहने वाले 28 वर्षीय युवक और एक 30 वर्षीय अन्य युवक की रिपोर्ट भी पॉजीटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम अलर्ट हो गई है।
प्रभारी सीएमओ डॉ. राहुल सिंह ने बताया कि जो दो लोग संक्रमित मिले हैं, वो मद्रास से बीएचयू अस्पताल में इलाज कराने आए थे। वह सामनेघाट इलाके में ही क्वारंटीन हैं। इनके संपर्क में आने वाले 114 लोगों का आरटीपीसीआर सैंपल लिया गया है। फिलहाल स्वास्थ्य टीम इन पर नजर बनाए हैं।
वाराणसी में तीन लोगों के संक्रमित होने के बाद इनके सैंपल की जीनोम सिक्वेसिंग कराई जाएगी। आईएमएस बीएचयू के एमआरयू लैब में जीनोम सिक्वेसिंग सोमवार से शुरू होगी। लैब की प्रभारी प्रो. रोयाना सिंह ने बताया कि गाजीपुर में मिले चार संक्रमितों के सैंपल और वाराणसी में मिले मरीजों के सैंपल को मिलाकर कुल 8 लोगों के सैंपल की जीनोम सिक्वेंसिंग होगी।
इसकी रिपोर्ट दो दिन यानि बुधवार तक आ जाएगी। बताया कि लैब में सिक्वेंसिंग रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा कि यह ओमीक्रॉन वैरियंट है या कोई और वैरियंट है।
पढ़ेंः मृतक को भी लग गई कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज, मोबाइल पर आया मैसेज, सकते में परिजन
बरेका के निरीक्षण विभाग के अधिकारी शनिवार को भोपाल रेलवे स्टेशन पर एंटीजन जांच में कोरोना पॉजिटिव पाए गए। बनारस रेल इंजन कारखाना स्थित ट्रक मशीन शॉप के निरीक्षण विभाग के वरिष्ठ खंड अभियंता संतोष कुमार शुक्रवार को ट्रेन से भोपाल गए थे। वहां रेलवे स्टेशन पर एंटीजन टेस्ट कराया गया।
बरेका प्रशासन को जैसी ही इसकी सूचना मिली तुरंत अभियंता के संपर्क में आने वाले तीन कर्मियों को क्वारंटीन कर उनकी जांच कराई गई। हालांकि, तीनों की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई। जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने एहतियातन कर्मियों का आरटीपीसीआर टेस्ट कराकर रिपोर्ट आने तक उन्हें क्वारंटीन रहने को कहा गया है। संवाद