अस्पताल में मिली एक्सपायरी दवा, सीएमओ से पूछताछ
बीते सोमवार को जिला महिला अस्पताल में अपर निदेशक स्वास्थ्य के निरीक्षण के दौरान एक्सपायरी दवा मिलने का महिला आयोग ने संज्ञान लिया। आयोग ने इस प्रकार की लापरवाही पर नाराजगी जताई। आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा ने सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी से इस प्रकरण को लेकर पूछताछ की। सीएमओ ने इस प्रकरण की जांच के बाद कार्यवाही का आश्वासन दिया।
इसके बाद गीता विश्वकर्मा ने दीन दयाल उपाध्याय जिला चिकित्सालय में महिला विंग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीएमएस बृजेश कुमार को निर्देश दिया कि दवाओं की उपलब्धता एवं उनकी एक्सपायरी के समय को ध्यान में रखें। इलाज के लिए भर्ती महिलाओं को सभी सुविधाएं उचित रूप से मिले इसका ध्यान रखा जाए। आयोग की सदस्य ने इसके बाद वन स्टॉप सेंटर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान महिलाओं से संबधित प्रकरणों तथा पीड़ित महिलाओं को दी की जाने वाली सुविधाओं के रखरखाव की व्यवस्था भी देखी।
महिला सदन अब होगा महिला सुधार गृह
जनसुनवाई के पश्चात आयोग की सदस्य ने जिला प्रोबेशन अधिकारी पंकज मिश्र के साथ जिला जेल का निरीक्षण किया। उन्होंने जेल में बंद महिला कैदियों से मुलाकात की। इस दौरान उनके खान पान, रहन सहन, दवा और चिकित्सा की व्यवस्थाओं को देखा। निरीक्षण के दौरान अधीक्षक को निर्देश दिया कि महिला सदन को महिला सुधार गृह के नाम से लिखा जाए। जिनके पास अधिवक्ता नहीं हैं, उन्हें अधिवक्ता की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। निरीक्षण के दौरान अधीक्षक जिला कारागार ,जेलर जिला कारागार उपस्थित रहे।