वाराणसी के पहड़िया क्षेत्र के एक घर में पुलिस ने छापेमारी कर 47 लाख रुपये के बंद हो चुके 1000 के नोट बरामद किए हैं। एक व्यक्ति को भी हिरासत में लिया गया है। देर रात तक अज्ञात स्थान पर उससे पूछताछ की जा रही थी। नोटबंदी के दो साल बाद भारी मात्रा में बंद हो चुके नोटों की बरामदगी से पुलिस हैरत में है। सूचना मिलते ही खुफिया इकाइयां भी सक्रिय हो गई हैं।
बुधवार रात सारनाथ पुलिस को सूचना मिली थी कि पहड़िया क्षेत्र स्थित एक घर में बंद हो चुके नोट बड़ी संख्या में स्टोर करके रखे गए हैं। सूचना के आधार पर छापेमारी कर पुलिस ने 47 लाख रुपये के बंद हो चुके 1000-1000 के नोट बरामद किए। इन नोटों से जुड़े एक और व्यक्ति की तलाश की जा रही है।
इसके अलावा इतनी भारी संख्या में बंद हो चुके नोट कहां से आए और इन्हें स्टोर कर रखने का मकसद के बारे में पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है। सूत्रों का कहना है कि तलाश किए जा रहे व्यक्ति के गिरफ्त में आने पर पुराने नोटों की और भी बरामदगी की जा सकती है।
एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने कहा कि दो साल से प्रचलन में नहीं रही करेंसी के साथ एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रकरण के अन्य सारे पहलुओं का खुलासा जल्द किया जाएगा।