यूपी के जौनपुर में मे की नमाज के बाद महिलाओं के प्रति अशोभनीय टिप्पणी को लेकर दो वर्गों में कहासुनी के बाद तनाव पैदा हो गया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने मौलाना को गिरफ्तार कर शांतिभंग में चालान कर दिया।
शुक्रवार को केराकत कोतवाली में अमिहित गांव के संतोष सिंह, सौरभ पांडेय, मृत्युंजय सिंह, राहुल विश्वकर्मा, प्रेम यादव, कन्हैया सिंह, हर्षित श्रीवास्तव आदि ने कोतवाली में तहरीर दी कि गांव में स्थित मस्जिद से जुमे की नमाज के बाद लाउडस्पीकर से तकरीर चल रही थी, जिसमें मौलाना जहांगीर ने महिलाओं के बारे में आपत्तिजनक बातें कहीं।
तभी यह सुनकर गांव के युवा आक्रोशित हो गए और मस्जिद पहुंचे। जहां कहासुनी होने लगी। इसकी सूचना किसी ने पुलिस को दे दी। थोड़ी देर में ही पूरा गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। दोनों वर्ग के लोग आमने-सामने आ गए।
तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने आरोपी मौलाना जहांगीर को गिरफ्तार कर लिया। ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी मौलाना की ओर से अशोभनीय टिप्पणी महिलाओं के प्रति की जाती रही है। एहतियात के तौर पर गांव में फोर्स तैनात की गई है। एसपी सिटी डा. अनिल कुमार पांडेय का कहना है कि तनाव जैसी कोई स्थिति नहीं है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई है।