यूपी में चंदौली के पीडीडीयू नगर से इलाहाबाद की ओर जा रही मालगाड़ी रेलवे यार्ड के वेस्ट केबिन के समीप शुक्रवार की सुबह आठ बजे कपलिंग टूटने से दो भागों में बंट गई। इससे रेल प्रशासन में खलबली मच गई।
आनन-फानन में कर्मचारियों ने मालगाड़ी को जोड़कर रवाना किया। इस दौरान करीब आधे घंटे रेलवे रूट बाधित रहा। हालांकि किसी ट्रेन पर इसका असर नहीं पड़ा। मालगाड़ी के खाली डिब्बे पीडीडीयू स्टेशन से कल्याण (मुंबई) के लिए जा रहे थे।
स्टेशन से इलाहाबाद की ओर करीब दो किलोमीटर आगे जाकर कपलिंग टूट गई और मालगाड़ी दो भागों में विभक्त हो गई। इंजन के साथ बीस बोगी सौ मीटर आगे चली गई, जबकि अन्य बोगियां गार्ड के डिब्बे के साथ पीछे रह गई।
इसके बाद गार्ड ने चालक को कपलिंग टूटने की सूचना दी। अधिकारियों को भी इसकी सूचना दी गई। आनन फानन में अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम पहुंची और डिब्बों को जोड़ा गया। इसके बाद मालगाड़ी रवाना हुई।