इस बार के लोक सभा चुनाव 2019 में एनआरआई भी वोट दे सकेंगे, लेकिन उनको मतदान करने के लिए बूथ तक आना पड़ेगा। मतदाता के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है, लेकिन अब तक मतदान के लिए कोई ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध नहीं है। यह बातें प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल वेंकटेश्वर लू ने शुक्रवार को कमिश्नरी सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में दी।
एल वेंकटेश्वर लू ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण का कार्य पूरा कर लिया गया है। फिर भी मतदाताओं को एक मौका 23 और 24 फरवरी को दी गई है। इसमें नाम जुड़वाना, नाम का संशोधन के अलावा नाम कटवाया जा सकता है। इसके बाद इस पर रोक लग जाएगी। उन्होंने बताया कि चुनाव को लेकर पर्याप्त इंतजाम कर लिए गए हैं। शत प्रतिशत मतदान हो इसके लिए जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं।
संवेदनशील, अति संवेदनशील मतदान केन्द्रों को चिन्हित करने के बाद वहां की सुरक्षा व्यवस्था को सही किया जा रहा है। जो लोग चुनाव में गड़बड़ी कर सकते हैं उनकी सूची तैयार की जा रही है। उनको पाबंद किया जाएगा। दिव्यांगों के लिए हर मतदान केन्द्र पर रैंप की व्यवस्था होगी। उनके साथ कमिश्नर दीपक अग्रवाल, डीएम सुरेंद्र सिंह, एसएसपी आनन्द कुलकर्णी उपस्थित रहे।