जाम लगाने वाले रेल कर्मियों को जारी होगा नोटिस, बयान दर्ज करेगी पुलिस
विज्ञापन
-मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सामने रास्ता बंद कर सभा मामला
माई सिटी रिपोर्टर वाराणसी। लहरतारा स्थित मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सामने सड़क पर सभा करने के मामले में नामजद रेलकर्मियों और टेंट संचालक को पुलिस की ओर से नोटिस जारी किया जाएगा। आरोपियों का बयान थाने में दर्ज किया जाएगा। शनिवार को इस घटना को लेकर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में भी हलचल तेज रही। वहीं, नामजद कई आरोपियों ने अपने मोबाइल नंबर भी बंद कर लिए। वहीं सिगरा पुलिस ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में रेल कर्मियाें से पूछताछ की।
रेल यूनियन चुनाव के तहत एनई रेलवे मजदूर यूनियन की सभा के लिए लहरतारा मार्ग को सुबह से दोपहर तक बंद करते हुए टेंट और कुर्सियां लगाई गईं। मंडल मंत्री एनबी सिंह के नेतृत्व में रेल कर्मियों ने सुबह नौ बजे से तीन बजे तक रास्ता बंद रखा था, जिससे राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। पुलिस आयुक्त के आदेश पर सिगरा पुलिस ने एनबी सिंह समेत आठ रेल कर्मी और टेंट संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एसीपी चेतगंज गौरव कुमार ने बताया कि मुकदमे के नामजद आरोपियों को नाेटिस जारी कर बयान दर्ज करने के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद तथ्य और साक्ष्य के आधार पर अदालत में चार्जशीट दाखिल की जाएगी।