वाराणसी। बजरडीहा में नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी के विरोध के दौरान हुए बवाल को लेकर पुलिस ने अब कार्रवाई शुरू कर दी है। दो साल पहले बवाल में चिह्नित आरोपियों में 29 के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया है। भेलूपुर थाने की पुलिस आरोपियों के घरों पर दबिश दे रही है।
भेलूपुर थाना के बजरडीहा में 20 दिसंबर 2019 को नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी के विरोध के दौरान हुए बवाल में एक बच्चे की मौत हो गई थी और करीब 40 लोग घायल हुए थे। इस मामले में पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार किया था। इस मामले में वीडियो और अन्य तफ्तीश के दौरान 40 से अधिक लोग आरोपी बनाए गए थे। इसमें 29 लोग बार-बार न्यायालय की ओर से बुलाए जाने पर नहीं पहुंचे, इसलिए इनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया। भेलूपुर थाना के क्राइम इंस्पेक्टर प्रमोद पांडेय ने बताया कि 29 लोगों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया।