महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ ब्लॉक पर नामांकन पत्र दाखिल करतीं रेनू पटेल।
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी के आठ विकास खंडों के ब्लॉक प्रमुख पद के लिए 10 जुलाई को मतदान व मतगणना होगी। बारिश के बीच गुरुवार को सुबह 11 बजे से ब्लॉक मुख्यालयों पर नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो गई। दोपहर तीन बजे तक नामांकन पत्र दाखिला और उसके बाद नामांकन पत्रों की जांच होगी। उसके बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी कि किस ब्लॉक से कितने प्रत्याशी ब्लॉक प्रमुख पद के दावेदार हैं।
भाजपा और अपना दल ने ही पार्टी समर्थित प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की है। सपा, कांग्रेस व बसपा की तरफ से अभी तक कोई सूची जारी नहीं की गई है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत राजाराम वर्मा ने बताया कि ब्लॉक प्रमुख चुनाव को पारदर्शी, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जोनल मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी गई है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। किसी भी प्रत्याशी व उनके समर्थक की तरफ से चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन किया गया तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। तीन बजे तक नामांकन प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच होगी और नाम वापसी शुक्रवार को होगी। मतदान व मतगणना शनिवार को होगी।