वाराणसी। कोरोना के बढ़ते संक्रमण पर नियंत्रण के उद्देश्य से शासन से नियुक्त नोडल अधिकारी अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार बृहस्पतिवार को व्यवस्थाओं की हकीकत जानने अस्पतालों में पहुंचे। यहां उन्होंने अस्पताल में मरीजों के जांच, भर्ती सहित अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। इसके अलावा टीकाकरण केंद्र पर पहुंचकर किशोरों से भी बातचीत की। अधिकारियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के निर्देश दिए।
अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार को शासन ने जिले का नोडल अधिकारी बनाया है। तीन दिवसीय दौरे पर आने पर बुधवार की रात जिलाधिकारी और सीएमओ की मौजूदगी में बैठक कर तीसरी लहर से निपटने के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा की और टीकाककरण में तेजी लाने का निर्देश दिए। बृहस्पतिवार को सुबह 10 बजे अपर मुख्य सचिव सनबीम स्कूल वरुणा पहुंचे। यहां टीकाकरण ड्यूटी में लगे स्वास्थ्यकर्मियों से टीकाकरण की जानकारी ली। फिर चौकाघाट स्थित राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय पहुंचे और टीका लगवाने वाले लोगों से समस्याओं के बारे में पूछा और चिकित्सक डा. विनय मिश्र को बेहतर व्यवस्था करने के निर्देश दिए। मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा और जिला महिला अस्पताल में भी टीकाकरण के बारे में ही जानकारी ली। इसके बाद अपर मुख्य सचिव ने आक्सीजन प्लांट को चलवाकर देखा और मौके पर मौजूद ऑपरेटर से इसके संचालन की जानकारी ली। इस दौरान महिला अस्पताल के एसआईसी डॉ.एके श्रीवास्तव, मंडलीय अस्पताल से डॉ.एसपी सिंह मौजूद रहे। दौरे में सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी, ऑक्सीजन प्लांट के नोडल अधिकारी डॉ. अतुल सिंह आदि मौजूद रहे।
प्रमुख सचिव ने चोलापुर आक्सीजन प्लांट का किया निरीक्षण
दानगंज। अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार ने बृहस्पतिवार को चोलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ऑक्सीजन प्लांट और कोविड-19 सेंटर का निरीक्षण किया। दीपक कुमार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर चल रहे टीकाकरण की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक गोयल से ग्राम पंचायत रौना और भवानीपुर के ग्राम पंचायत निगरानी समितियों के सदस्यों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि निगरानी समितियां सक्रिय होकर अपनी रिपोर्ट चिकित्सा विभाग को देते रहें। इसके बाद लालमन कोट गोशाला में व्यवस्था की जानकारी ली।