धार्मिक, पर्यटन और व्यापारिक दृष्टि से देश-दुनिया में महत्वपूर्ण पहचान रखने वाली काशी हवाई कनेक्टिविटी के मामले में अभी भी 18 राज्यों की राजधानियों से सीधे नहीं जुड़ सकी है। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से सीधी उड़ान नहीं होने से यात्रियों को दूसरे शहरों के रास्ते सफर करना पड़ता है।
इसमें राजधानी लखनऊ और पड़ोसी राज्य बिहार की राजधानी पटना भी है। जयपुर, भोपाल, रायपुर, देहरादून, रांची, गुवाहाटी और चंडीगढ़ जैसे प्रमुख शहरों के लिए भी सीधी हवाई सेवा का इंतजार है।
वाराणसी एयरपोर्ट से दिल्ली, मुंबई, बंगलूरू, हैदराबाद और कोलकाता लिए उड़ानें हैं। बावजूद देश के कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक केंद्रों से सीधा संपर्क नहीं है। इनमें लखनऊ, पटना, जयपुर, भोपाल, रायपुर, देहरादून, रांची, गुवाहाटी, चंडीगढ़, शिमला, श्रीनगर, पणजी, ईटानगर, कोहिमा, आइजोल, शिलांग, इंफाल और अगरतला शामिल हैं।
इन शहरों में कई राज्यों की राजधानियां हैं, जबकि कुछ केंद्रशासित प्रदेशों के प्रमुख प्रशासनिक शहर हैं। जयपुर, भोपाल, रायपुर और देहरादून के लिए सीधी उड़ान नहीं होने से यात्रियों को कनेक्टिंग फ्लाइट या रेल और सड़क मार्ग का सहारा लेना पड़ता है। जयपुर, गोवा, श्रीनगर और शिमला जैसे पर्यटन स्थलों के लिए भी यात्रियों को दूसरे शहरों से जाना पड़ता है।