अमिताभ कांत को स्मृति चिन्ह देते विश्वनाथ मंदिर के पदाधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का काम और परिक्षेत्र के विस्तार का काम किसी भी कीमत पर नहीं रुकेगा। कॉरिडोर परियोजना के लिए काशी विकास समिति द्वारा 11 बिंदुओं के प्रस्ताव व सुझाव पर हर संभव सहयोग किया जाएगा।
उक्त बातें नीति आयोग के चेयरमैन अमिताभ कांत ने रविवार को मंदिर क्षेत्र के भ्रमण और बाबा के दर्शन के उपरांत कहीं। उन्होंने कहा कि उनके स्तर से विश्वनाथ कॉरिडोर के लिए जो भी संभव होगा वह अवश्य करेंगे।
उन्होंने अधिकारियों को इस बात का भरोसा दिलाया कि नीति आयोग इस मामले में पूरा सहयोग करेगा और विस्तारीकरण का काम रुकने नहीं दिया जाएगा। इस दौरान उन्होंने मुख्य कार्यपालक अधिकारी विशाल सिंह से मंदिर परिक्षेत्र में चल रहे कार्यों का जायजा लिया।
अधिकारियों ने उन्हें मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए हो रहे बदलावों के बारे में जानकारियां दी। इसके अलावा मंदिर परिक्षेत्र के विस्तारीकरण के लिए चल रहे कार्यों की प्रगति के बारे में भी बताया। इस अवसर पर समिति की ओर से उन्हें द बुक आफ बनारस भेंट की गई।
समिति ने 11 बिंदुओं से जुड़े सुझाव पत्र भी चेयरमैन को सौंपे। समिति के सदस्यों ने बताया कि मंदिर विस्तारीकरण योजना का लोग स्वार्थवश विरोध कर रहे हैं और इसमें बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। इस दौरान मुख्य कार्यपालक अधिकारी विशाल सिंह, आलोक सिंह, चंद्रशेखर कपूर इत्यादि मौजूद रहे।