Varanasi Crime News: वाराणसी जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। गर्दन पर चाकू रखकर भतीजी से दुष्कर्म करने और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दो साल तक शोषण करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
वाराणसी जिले के सारनाथ थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी ही भतीजी की गर्दन पर चाकू रखकर उसके साथ दुष्कर्म किया और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दो साल तक यौन शोषण करता रहा। मामला तब उजागर हुआ जब पीड़िता गर्भवती हो गई और परिजनों को शक हुआ। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पन्नालाल को हिरासत में लेकर प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
पीड़िता के पिता मजदूरी करते हैं। पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी घर में सो रही थी। इसी दौरान आरोपी पन्नालाल छत के रास्ते घर में घुस आया। आरोप है कि उसने बेटी की गर्दन पर चाकू रखकर उसे जबरन छत पर ले जाकर दुष्कर्म किया।
आरोपी ने घटना का वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी दी और इसी डर से वह लगातार दो साल तक शोषण करता रहा। इस बीच पीड़िता गर्भवती हो गई और गुमसुम रहने लगी। पिता ने जब बेटी से उदासी का कारण पूछा तो उसने अपनी बड़ी मां को घटना बताई।
पीड़िता की मां का छह साल पहले निधन हो चुका है। सारनाथ थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पिता की तहरीर पर पन्नालाल पर प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल कराया गया।