आदमपुर और जैतपुरा से उठाएं गए पीएफआई के संदिग्ध तीन कार्यकर्ताओं से एनआईए और एटीएस की टीम ने बीस घंटे से अधिक देर तक पूछताछ की। देर रात तीनों को छोड़ा गया। टीम ने इस दौरान उनके मोबाइल कॉल डिटेल और उनके परिचितों के बारे में जानकारी खंगाली। संतुष्ट होने के बाद तीनों को छोड़ा गया। वहीं, तीनों की गतिविधियों की निगरानी के लिए स्थानीय पुलिस को लगाया गया।
तीन युवकों को टीम ने गुरुवार को तड़के सुबह पांच बजे उठाया था, लगभग बीस घंटे बाद रात बारह बजे के बाद छोड़ा गया। उधर, देर रात में ही टीम सिगरा के लल्लापुरा में भी आ धमकी थी। हालांकि यहां से किसी को उठाया नहीं गया। शुक्रवार की सुबह ही लल्लापुरा में इसकी चर्चाएं रही। वहीं, भेलूपुर के बजरडीहा, मदनपुरा, वरुणा जोन के सरैया, पुरानापुल, आदमपुरा और जैतपुरा, शिवपुर में भी हलचल मची रही।