विदेश में रोजगार दिलाने के नाम पर नेपाल से बनारस लाई गई कुछ युवतियों को नई दिल्ली भेजा गया था। अब तक की तफ्तीश में सामने आए इस तथ्य की तस्दीक होने पर रविवार की शाम सीओ क्राइम अभिनव यादव के नेतृत्व में एक टीम नई दिल्ली रवाना की गई है। यह टीम नई दिल्ली में नेपाली युवतियों को छुपाकर रखे जाने वाले संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर उन्हें बरामद करेगी।
पढ़ेंः
बनारस में नेपाली युवतियों को कैद करने के मामले में भाजपा नेता गिरफ्तार
मानव तस्कर गिरोह के सदस्य नेपाल की युवतियों को शहर लाकर बंधक बनाए रखे और उनसे जबरन देह व्यापार करते थे। बीते दिनों शिवपुर थाने की पुलिस और क्राइम ब्रांच ने भाजपा नेता जय सिंह उर्फ पप्पू को गिरफ्तार कर यह खुलासा किया, हालांकि बंधक बनाई गई युवतियां बरामद नहीं की जा सकी।
इसके मद्देनजर परेड कोठी और बाबतपुर एयरपोर्ट के समीप स्थित होटलों के अलावा शिवपुर के चांदमारी और नटिनियादाई क्षेत्र में ढाई दर्जन से ज्यादा ठिकानों पर पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने छापामारी की।
पढ़ेंः ‘
कैद’ महिलाओं की तलाश में बनारस पहुंची नेपाल के अधिकारियों की टीम
संदिग्धों से पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर नई दिल्ली रवाना की गई पुलिस टीम से महकमे के उच्चाधिकारियों की अपेक्षा है कि वे मामले की तह तक पहुंचेंगे। हाल ही में नई दिल्ली में नेपाली युवतियां बरामद की गई थीं।
उनसे जुड़े लोगों से क्राइम ब्रांच की टीम पूछताछ करेगी। बता दें कि इस मामले में पुलिस को नेपाल निवासी सुंदरी, संदीप सहित चार अभियुक्तों की तलाश है।