स्टेशन का घेराव कर ट्रेन के आगे बैठ गए
- फोटो : amar ujala
अगोरी खास रेलवे स्टेशन पर बुधवार को मुरी एक्सप्रेस के यात्रियों ने जमकर बवाल काटा। 12 घंटे लेट चल रही ट्रेन से परेशान यात्री उस वक्त भड़क गए जब अगोरी खास रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को तीन घंटे तक खड़ा कर दिया गया। यात्रियों ने स्टेशन का घेराव किया और फिर ट्रेन के आगे रेलवे लाइन पर बैठ गए। जिससे रेलवे प्रशासन में खलबली मच गई।
हंगामे की जानकारी मिलने पर चोपन थाना, गुर्मा व डाला चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसी दौरान मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी सदर शादाब असलम ने यात्रियों को समझा बुझाकर शांत कराया। इसके बाद ट्रेन गंतव्य की तरफ रवाना हो सकी। 12 घंटे की देरी से चल रही मूरी एक्सप्रेस डाउन 180102 बुधवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे चोपन थाना क्षेत्र में स्थित अगोरी रेलवे स्टेशन खास पर पहुंची।
यहां तीन घंटे तक ट्रेन के खड़ा होने से खफा यात्रियों ने हंगामा करते हुए रेलवे स्टेशन को घेर लिया। इसके बाद ट्रेन के आगे रेलवे ट्रैक पर यात्री बैठ कर रेलवे प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। यात्रियों ने कहा कि रेलवे के अधिकारियों की लापरवाही के चलते 12 घंटे विलंब से ट्रेन चल रही है।
कहा कि अगोरी रेलवे स्टेशन से एक भी ट्रेनें नहीं गुजरी बावजूद इसके ट्रेन को खड़ा कर यात्रियों को परेशान किया जा रहा है। जबकि उमस और गर्मी से यात्री परेशान हो गए है। जंगल में रेलवे स्टेशन होने के कारण यात्रियों को शुद्ध पेयजल तक नहीं मिल रहा है। पानी के लिए यात्री तड़प रहे है।