मड़िहान थाना क्षेत्र के गढ़वा गांव में जमीन बेचने से इनकार करने पर शनिवार की रात युवक ने लाठी-डंडे से पीटकर पिता की हत्या कर दी। बीच-बचाव करने आए भाइयों को भी पीट दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
घर वालों और पुलिस के अनुसार, ग्राम सभा गढ़वा के चिकसी मौजा निवासी अवध नारायण (35) शनिवार की रात लगभग 10 बजे अपने पिता भगवान कोल (78) पर दो बीघा जमीन बेचने के लिए दबाव बनाने लगा। लेकिन, भगवान के बाकी तीन पुुुत्रों ने जमीन बेचने का विरोध किया। इस पर भगवान कोल ने भी जमीन बेचने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इस पर अवध नारायण ने लाठी से पिता की पिटाई कर दी। छोटा भाई विजयी पिता को बचाने के लिए दौड़ा तो अवध नारायण ने उस पर भी हमला कर दिया। घायल भगवान को परिजन रात में ही मड़िहान सीएचसी ले गए, वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। विजयी ने बताया कि एक वर्ष पूर्व भी दो बीघे जमीन बेचकर पिता ने अवध नारायण को ट्रैक्टर दिलाया था। उसी ट्रैक्टर का क़िस्त जमा करने के लिए अवध दो बीघे जमीन बेचने के लिए दबाव बना रहा था। सूचना पर मड़िहान थाने की पुलिस पहुंच गई। सीओ नक्सल अजय कुमार राय भी मौके पर पहुंचे। सीओ ने बताया कि आरोपी अवध नारायण कोल के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।