वाराणसी में सांसद खेल प्रतियोगिता का भव्य आगाज
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी में सांसद खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आगाज सोमवार को हुआ। यूपी कॉलेज के मैदान पर मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में खेल स्पर्धाओं की शुरुआत हुई। पहले दिन शहर से लेकर देहात तक के खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। सांसद खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ मंत्री रविंद्र जायसवाल, दयाशंकर मिश्र दयालु, मेयर अशोक तिवारी, महानगर अध्यक्ष विद्या सागर राय, जिलाधिकारी एस राजलिंगम, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल, एडीएम सिटी आलोक वर्मा ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। ध्वजारोहण से पहले स्कूली बच्चों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। स्पर्धाओं के दौरान मेयर अशोक तिवारी ने छात्रों के साथ वॉलीबॉल खेलकर उनका उत्साह बढ़ाया।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में 11 से 103 वर्ष के दो लाख 70 हजार खिलाड़ी अपना दमखम दिखाएंगे। ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक 27 खेलों में बालक-बालिका, पुरुष, महिला, ट्रांसजेंडर, दिव्यांग हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में 103 वर्ष की कलावती भी दौड़ में दम दिखाएंगी। सीडीओ हिमांशु नागपाल ने बताया कि सांसद खेलकूद प्रतियोगिता मिशन शक्ति को धार देगी।