तमिलनाडु की शिवगंगा सीट से सांसद कार्ति चिदंबरम ने पेगासस मामले पर भाजपा पर निशाना साधा है। कहा कि लोगों के फोन टैप करना, आम आदमी और विपक्षी नेताओं की जासूसी करना सरकार के तानाशाही रवैये को दर्शाता है। हम इसके विरोध में जनता के साथ खड़े हैं। सुरक्षा के नाम पर आम आदमी की निजता को भंग करना कानूनन अपराध है।
पूर्व वित्तमंत्री पी चिदंबरम के बेटे कार्ति रविवार को बनारस पहुंचे। श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन के बाद बातचीत करते हुए उन्होंने धाम की भव्यता को सराहा। कहा कि इससे पहले कभी काशी विश्वनाथ के दर्शन नहीं किए थे। बहरहाल, मंदिर देखने के बाद मुझे अच्छा महसूस हुआ। इससे पहले उन्होंने बाबा काल भैरव के भी दर्शन किए। कार्ति ने कहा कि प्रियंका गांधी के नेतृत्व में यूपी चुनाव में बदलाव देखने को मिलेगा। कांग्रेस छोड़कर जाने वालों के सवाल पर कार्ति ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है। संगठन में यदि कोई विरोध है तो उसे अंदर सुलझाएं, छोड़ना कोई विकल्प नहीं होता है। लोग ऐसे कैसे पार्टी बदलकर 180 डिग्री उल्टी विचारधारा वाले दलों को ज्वाइन कर लेते हैं।