उत्तर प्रदेश में मऊ के मुंशीपुरा ओवर ब्रिज के पास मऊ शाहगंज रेल मार्ग पर बुधवार की सुबह दुधमुंही बच्ची को गोद में लेकर एक महिला शाहगंज से आ रही पैसेंजर ट्रेन के आगे कूद गई। महिला की मौत मौके पर ही हो गई जबकि उसकी बेटी की मौत जिला अस्पताल में हो गई।
महिला की पहचान गाजीपुर जिले के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के कदिलशाहपुर निवासी नीलम के तौर पर हुई। घटना से परिवार सहित ग्रामीण हतप्रभ हैं। घर वालों की मानें तो नीलम ससुराल में खुश थी, फिर उसने ऐसा कदम क्यों उठाया ? यह किसी के समझ में नहीं आ रहा है। लोग आत्महत्या को संदिग्ध बता रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुधवार सुबह लगभग साढ़े आठ बजे मुंशीपुरा ओवर ब्रिज से लगभग 50 मीटर पश्चिम तरफ एक महिला अपनी गोद में डेढ़ साल की बेटी को लेकर रेलवे ट्रैक के पास टहल रही थी। इसी बीच शाहगंज मऊ ट्रैक पर शाहगंज से मऊ आ रही पैसेंजर के सामने 25 वर्षीय महिला बच्ची को लेकर इंजन के आगे कूद गई।
इस घटना में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। जीआरपी ने घायल बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। जीआरपी ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। समाचार लिख जाने तक मृतका की पहचान नहीं हो सकी थी।
आत्महत्या पर इस लिए उठ रहे सवाल
नीलम के गांव वालों के मन में तरह-तरह के सवाल भी उठ रहे हैं। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि घर से महज दो सौ मीटर की दूरी पर रेलवे लाइन है। अगर उसे आत्महत्या करनी होती तो अपनी बच्ची के साथ यहां भी कर सकती थी, इसके लिए मऊ क्यों जाती ? नीलम चौहान की शादी वर्ष 2015 में दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के कदिलशाहपुर गांव निवासी मानसिंह चौहान से हुई थी।
नीलम (25) इंटरमीडिएट तक पढ़ी थी। पति मानसिंह चौहान ने बताया कि नीलम परिवार में काफी हंसी-खुशी से रहती थी। उसे यहां किसी बात का दु:ख नहीं था। मुझसे उसने ऐसी किसी परेशानी को नहीं बताया था, जिसका मैं समय रहते समाधान कर सकूं। रोज की तरह बुधवार की सुबह पांच बजे वह घर से शौच के लिए अपनी दो साल की बेटी सुरभि के साथ निकली थी।
जब छह बजे तक घर वापस नहीं आई तो परिवार के लोग परेशान हो गए। आस-पास में उसकी खोजबीन करने के साथ ही नाते-रिश्तेदारियों में भी फोन करके उसके संबंध में पूछा जाने लगा, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसी बीच मेरी मोबाइल पर मऊ से नीलम के मामा का फोन आया कि नीलम और सुरभि मऊ-आजमगढ़ रेलमार्ग पर मुंशीपुरा ओवरब्रिज के पास कटकर मर गए हैं।
उनकी लाश यहां पड़ी है। यह सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। हम लोग आनन-फानन में घटना स्थल पर पहुंचे। परिवार वालों का कहना था कि नीलम को अगर कोई परेशानी होती और उसने आत्महत्या की सोची होती तो घर से 200 मीटर की दूरी पर रेलवे लाइन है।
वह अपनी बच्ची के साथ आत्महत्या करने के लिए 40 किलो मीटर दूर मऊ क्यों जाती। वह परिवार के साथ बहुत खुश थी, फिर क्यों आत्महत्या करेगी ? बताया कि मां और बेटी का अंतिम संस्कार मऊ में ही कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण में अभी तक ससुराल अथवा मायके पक्ष द्वारा थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है। पूरे प्रकरण की छानबीन चल रही है।