बीएचयू में दाखिले के लिए 28 सितंबर से शुरू प्रवेश परीक्षा में तीन और चार अक्तूबर को 30 से अधिक पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा कराई जानी है। अब तक होने वाली परीक्षाएं सीबीटी यानी कंप्यूटर बेस्ड हुई, लेकिन इन दो दिनों में बीए, बीएससी, बीकॉम समेत आठ पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं ओएमआर आधारित कराई जाएंगी। बीएचयू परिसर समेत शहर के इंटर कॉलेजों में भी केंद्र बनाया गया है।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से कराई जाने वाली प्रवेश परीक्षा अब अंतिम दौर में है। तीन अक्तूबर को पहली पाली में सुबह 8 से 10 बजे तक बीए ऑनर्स सोशल साइंस, बीए आर्ट्स को मिलाकर छात्रों की संख्या 40 हजार से अधिक है। इस वजह से बीएचयू कैंपस में भी अलग-अलग संकायों, विभागों को केंद्र बनाया गया है। इसके अलावा महाविद्यालय, इंटर कॉलेजों में भी परीक्षा कराई जाएगी। शनिवार को दिन भर केंद्रों पर तैयारी चलती रही। तीन अक्तूबर को ही एमए इन हिंदू स्टडीज, एमएससी एजी, एमसीए, एमएससी, एमटेक फूड टेक्नोलॉजी, एमबीए समेत नौ पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा होगी। इसके अलावा चार अक्तूबर को बीएससी मैथ, बायो, बीटेक फूड टेक्नोलॉजी, बीटेक डेयरी टेक्नोलॉजी, बीवॉक इन कंप्यूटर एप्लीकेशन, बीकॉम की प्रवेश परीक्षा ओएमआर शीट पर होगी।