रोहनिया कार्यालय में भाजपा नेता
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रदेश में 2019 में हारी हुई सीटों को जीतने का संकल्प लेकर काम करेगी। कार्यकर्ताओं की बदौलत ही भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी है। राज्यसभा, लोकसभा में सबसे ज्यादा सांसद भाजपा के हैं और सबसे ज्यादा विधायक हमारे हैं। नगर पालिका, नगर निगम से लेकर ग्राम सभा तक हर जगह भाजपा है।
शुक्रवार को काशी क्षेत्र समिति, जिला एवं महानगर के पदाधिकारियों के साथ बैठक की एवं संगठन के अभियानों व कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है जो एक साधारण कार्यकर्ता को आगे बढ़ाती है। अन्य पार्टियों में वंशवाद का बोलबाला है।
दावा किया कि पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के साढे़ आठ साल और सीएम योगी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के साढ़े पांच साल में जनहित के जो कार्य हुए हैं उसकी बदौलत ही 2024 में होने वाले लोकसभा में भाजपा प्रदेश की सभी 80 सीटें जीतेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की चर्चा सार्वजनिक स्थानों पर करें।
भाजपा कार्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी का महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्र अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव ने की। संचालन क्षेत्रीय महामंत्री सुशील त्रिपाठी व धन्यवाद ज्ञापन क्षेत्रीय महामंत्री संतोष पटेल ने किया।
इस दौरान एमएलसी लक्ष्मण आचार्य, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रविन्द्र जायसवाल, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक टी. राम, विधायक नीलरतन पटेल नीलू, विधायक रमेश जायसवाल, जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष विद्या सागर राय, महापौर मृदुला जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या आदि मौजूद रहीं।