बीएचयू के चिकित्सा विज्ञान संस्थान के मास्टर ऑफ सर्जरी का छात्र डॉ. सौरभ वर्मा एक सीनियर छात्र से कहासुनी के बाद कैंट रेलवे स्टेशन चला गया था। इसके बाद दवा खाकर वहीं सो गया था। सोमवार की सुबह छात्र वापस हॉस्टल आया तो बीएचयू प्रशासन और पुलिस ने राहत की सांस ली।
बीएचयू परिसर के सुश्रुत हॉस्टल के कमरा नंबर 395 में रहने वाले एमएस के छात्र डॉ. सौरभ का रविवार की सुबह 11 बजे से कहीं पता नहीं लगा। काफी खोजबीन के बाद भी डॉ. सौरभ के न मिलने पर बीएचयू प्रशासन की ओर से लंका थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
इधर, पुलिस सौरभ की तलाश कर रही थी कि तब तक वह सोमवार की सुबह हॉस्टल पहुंच गया। इस संबंध में लंका इंस्पेक्टर अश्वनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि छात्र की किसी सीनियर छात्र से कहासुनी हुई थी। जिसके बाद वह हॉस्टल छोड़ कर चला गया था।
छात्र वापस लौट आया है। इस बारे में चीफ प्रॉक्टर प्रो. ओपी राय ने बताया कि छात्र सोमवार दोपहर में ही हॉस्टल लौट आया है। उसने ऐसा क्यों किया इस बारे में पूछताछ की जाएगी।