वाराणसी के कैथी टोल प्लाजा शुरू होने से ग्रामीणों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। फास्टैग विहीन गाड़ियां टोल टैक्स बचाने के चक्कर में हाईवे से जुडेे़ संपर्क मार्ग से होकर हाईवे पर निकल रही हैं। इससे जहां जाम लग रहा है, वहीं वहीं हादसे का भय बना है।
वाराणसी-गाजीपुर की ओर से आने वाले बिना फास्टैग वाले वाहन कैथी, रजवारी के रास्ते से पुन: हाईवे से होकर गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं। वहीं, रजवारी, दुर्गवा, भंदहां, कैथी, श्रीकंठपुर, धौरहरा, ढकवां, मोलनापुर, ढुंढुवां, टेकुरी, लक्ष्मीपुर, भगवानपुर सहित अन्य कई गांवों के लोग टैक्स बचाने के चलते टोल प्लाजा से बचकर कादीपुर धौरहरा मार्ग, कैथी से एयरपोर्ट, राजवारी से धौरहरा लिंक रोड से वाहन लेकर निकल रहे हैं।
उधर, रोडवेज बस का किराया बढ़ने के बाद अब वाराणसी-गाजीपुर के बीच चलने वाली प्राइवेट बस किराया को भी बढ़ाने की कवायद चल रही है। टोल प्लाजा कैथी के संचालक आनंद तिवारी ने कहा कि अभी टोल प्लाजा नया बना है। थोड़ी बहुत दिक्कतें स्वाभाविक है।
लोगों को समझाया जा रहा है तो फास्टैग बनवा रहे हैं। टोल प्लाजा पर 40 युवकों को तैनात किया गया है। 20 किमी की परिधि वाले स्थानीय गैर वाणिज्यिक वाहनों के लिए मासिक पास 285 रुपये में बनाया जाएगा। आरसी, आधार कार्ड की छायाप्रति जमाकर पास बनवा सकते हैं।