अपना दल के संस्थापक सोनेलाल पटेल की 67वीं जयंती पर दो जुलाई को रोहनिया के जगतपुर डिग्री कॉलेज के मैदान पर आयोजित जन स्वाभिमान महारैली में दो लाख कार्यकर्ता जुटेंगे। महारैली की तैयारी की समीक्षा के दौरान पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष व मिर्जापुर से सांसद अनुप्रिया पटेल ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाजपाध्यक्ष अमित शाह रैली में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। सिकरौल स्थित जिला कार्यालय पर शुक्रवार को अपराह्न आयोजित समीक्षा बैठक में पांचों विधानसभा के पदाधिकारी व प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद थे।
बैठक में अनुप्रिया ने पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों को जन स्वाभिमान रैली की जिम्मेदारी सौंपी। महारैली को सफल बनाने के लिए कई उप समितियाें का गठन किया गया। साथ ही समितियों के प्रमुख व प्रभारी के नाम पर चर्चा के उपरांत जिम्मेदारी सौंपी गई। पार्टी के उपाध्यक्ष नीलरतन पटेल नीलू को महारैली का प्रभारी बनाया गया। बैठक में जिलाध्यक्ष नरेंद्र पटेल, अजीत पटेल, राकेश यादव, डॉ. रवींद्र द्विवेदी, भरत कुमार सिंह, राजकुमार वर्मा, रमेश पटेल, रामबिलास पटेल, सुनील पटेल समेत रोहनिया, पिंडरा, सेवापुरी, शहर उत्तरी, दक्षिणी व अजगरा विधानसभा के पदाधिकारी मौजूद थे।