राजघाट स्थित सर्व सेवा संघ भवन को लेकर चल रहे विवाद के बीच गुरुवार को सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटकर वाराणसी पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने संघ भवन में प्रवेश करने का प्रयास किया तो जिला प्रशासन ने रोक दिया। इस पर पाटकर ने कहा कि सरकार महात्मा गांधी की विरासतों का गला घोटने का काम कर रही है।
मेधा पाटकर गुरुवार की शाम को बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंची। इस सूचना पर पहले से ही डीसीपी काशी जोन आरएस गौतम पांच थानों की पुलिस, आरएएफ और पीएसी के जवानों के साथ संघ के भवन परिसर में पहुंच गए। डीसीपी काशी जोन ने बताया कि पाटकर संघ को लेकर चल रहे विवाद की जानकारी लेने के बाद मौके से चली गईं। एहतियातन मौके पर पीएसी और आरएएफ के जवानों को तैनात किया गया है।