यूपी के आजमगढ़ जिले के चक्रपानपुर स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के हॉस्टल में एमबीबीएस चौथे वर्ष की छात्रा ने सोमवार शाम खुदकुशी कर ली। मौके से सुसाइड नोट मिला है। उसमें केवल यह लिखा है कि वह अपने जीवन से तंग आ गई थी।
वाराणसी के सुंदरपुर की रहने वाले आकांक्षा सिंह पुत्री बेचन सिंह सोमवार शाम को कमरे में थी। शाम सात बजे के आसपास उसकी सहपाठी उसके कमरे पर आईं। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी कमरा नहीं खोलने पर उन लोगों ने अन्य लोगों को जानकारी दी।
कॉलेज के स्टाफ ने दरवाजा नहीं खोलने पर तोड़ दिया। कमरे के अंदर का दृश्य देखकर सभी चीखने चिल्लाने लगे। उनकी दोस्त पंखे से दुपट्टे के सहारे लटकी थी। यह सूचना कॉलेज प्राचार्य डॉक्टर आरपी शर्मा को दी गई।
प्राचार्य ने पुलिस को मामले से अवगत कराया। सूचना पर सीओ सदर मोहम्मद अकमल पहुंच गए। शव को नीचे उतारा गया। मामले की सूचना परिजनों को भी दी गई। घटना से कॉलेज में सभी हतप्रभ हैं।
कॉलेज के प्राचार्य डॉक्टर आरपी शर्मा ने बताया कि छात्रा फाइनल वर्ष में थी। वह अपने बैच की सेकंड टॉपर थी। वहीं मौके पर मौजूद छात्राओं का कहना था कि आकांक्षा के बारे में कोई विशेष बात उन्होंने नहीं सुनी थी।