मऊ के चिरैयाकोट थाना क्षेत्र से 29 नवंबर की रात धर्मांतरण के लिए भगाई गई युवती को पुलिस ने बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी शबाब उर्फ राहुल खान मोलनागंज मोहल्ले का रहने वाला है। युवती की शादी एक दिसंबर को होनी थी। हल्दी की रस्म शुरू हो गई थी। इसी बीच 29 नवंबर को आरोपी उसे बहला फुसला कर अपने साथ धर्मांतरण की नीयत से लेकर फरार हो गया था।
बता दें कि युवक के साथ एक गैंग है, जो युवतियों को अपने प्रेम जाल में फंसाकर धर्मांतरण के लिए ले जाते हैं। आरोपी तीन बच्चों का पिता है। थानाध्यक्ष चिरैयाकोट रूपेश सिंह ने बताया कि शबाब खान उर्फ राहुल पुत्र इस्लाम उर्फ टिम्मल के साथ दो अन्य जावेद पुत्र जफरूल निवासी उत्तर पट्टी रसड़ा बलिया और दिलशाद पुत्र खुर्शीद निवासी मद्दु मोहल्ला रसड़ा को गिरफ्तार किया गया है।
पकड़े गए आरोपी लड़की को एक फर्जी नंबर प्लेट लगे स्कार्पियो में बैठाकर धर्म परिवर्तन के लिए दरगाह शाह रमजान बसखारी जनपद अंबेडकर नगर ले जा रहे थे। जैसे ही चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के औसतपुर गांव पहुँचे, मुखबिर ने उनके बारे में सूचना दिया। इस आधार पर बृहस्पतिवार देर रात आरोपियों को गिरफ्तार कर युवती को बरामद किया गया।