Varanasi News: प्रोफेसर ओम शंकर ने भोजन त्याग दिया है, ऐसे में उनके वजन में करीब छह किलो की गिरावट दर्ज की गई है। साथ ही उनका ब्लड प्रेशर भी सामान्य से कम हो गया है। अनशन के छह दिन बीत गए अब बीएचयू प्रशासन की ओर से प्रोफेसर ओम शंकर की मांगों पर कार्यवाही का इंतजार है।
वाराणसी के बीएचयू अस्पताल में सात दिन से अनिश्चित कालीन आमरण अनशन पर बैठे हृदय रोग के विभागाध्यक्ष डॉ. ओम शंकर के समर्थन में 21 छात्रों का एक दिवसीय सामूहिक उपवास शुरू होने जा रहा है। शुक्रवार को सुबह से शाम चार बजे बजे तक डीएसडब्ल्यू (छात्र अधिष्ठाता कार्यालय) के बाहर छात्रों का जुटान होगा।
बता दें कि बीएचयू अस्पताल में हृदय रोग के मरीजों को आवंटित बेड पर भर्ती करने और एमएस को हटाने की मांग को लेकर अनशन पर बैठे प्रोफेसर ओम शंकर के समर्थन में बीएचयू परिसर में छात्रों ने आक्रोश मार्च निकालने का भी निर्णय लिया था। इसमें विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों और संकायों के छात्रों के अलावा छात्र संगठनों और सामाजिक संगठनों के लोग भी शामिल हुए लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया था।