प्रशासन को आशंका थी कि प्रदर्शन के चलते बाबतपुर चौराहे पर भारी भीड़ एकत्र हो सकती है, जिससे यातायात बाधित होने के साथ-साथ कानून-व्यवस्था पर भी असर पड़ सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए पहले से ही व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पुलिस ने मौके पर भारी संख्या में बल तैनात कर रखा था और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास भी किया गया।
हालांकि, स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस ने एहतियातन कार्रवाई करते हुए सभी प्रमुख लोगों को हिरासत में ले लिया, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्थिति में अव्यवस्था फैलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इस दौरान मौके पर पुलिस कमिश्नर, तीनों जोन के डीसीपी, एसीपी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। सुरक्षा व्यवस्था के तहत बाबतपुर से लेकर घमहापुर तक करीब एक हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।