सेवापुरी बना डिजिटल इंडिया का अगुवा
ब्लॉक के दो गांव गजेपुर और सिरहिरा शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया अभियान की सफलता का गवाह बन गए। रेल एवं संचार राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने ब्लॉक मुख्यालय पर इन दोनों गांवों की वाईफाई और हाईस्पीड इंटरनेट सुविधा का लोकार्पण किया। साथ ही वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये ग्रामीणों से बातचीत की।
संचार राज्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल इंडिया के तहत सेवापुरी ब्लॉक को प्रथम चरण में चयनित किया गया था। यह ब्लॉक देश का पहला डिजिटल ब्लॉक हो गया। उन्होंने गजेपुर और सिरिहरा की तरह सभी गांवों में दिसंबर तक आप्टिकल फाइबर केबल बिछाकर हाईस्पीड इंटरनेट सुविधा और पंचायत भवनों को वाईफाई करने का आश्वासन दिया।
कहा कि इससे गांव के युवक घर बैठे शिक्षा, रोजगार, चिकित्सा, कृषि समेत हर क्षेत्र की देश-दुनिया की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। मंत्री ने सेवापुरी रेलवे स्टेशन पर इंटरसिटी एक्सप्रेस के ठहराव की घोषणा की। कहा कि तत्काल यह व्यवस्था लागू कराई जाएगी। इस दौरान लोगों ने सोनबरसा रेलवे क्रासिंग को 24 घंटे खोलने के लिए उन्हें पत्रक सौंपा।
समारोह में बीएसएनएल बोर्ड के निदेशक आरके मित्तल, दूरसंचार के मुख्य महाप्रबंधक टीएन शुक्ला, बीएसएनल के मुख्य महाप्रबंधक एससी कौशल, दूरसंचार प्रबंधक केपी सिंह, भाजपा एमएलसी चेतनारायण सिंह, अजय सिंह मुन्ना, विवेक मिश्र, आरबी सिंह, तूफानी सिंह आदि मौजूद रहे।