भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे सफल कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के ग्लैमर का अंदाजा आज काशी के लोगों को लग गया। धोनी ने रविवार की शाम यहां महमूरगंज स्थित एक जिम में अपने प्रशंसकों के बीच बिताया। प्रशंसकों से बातें कीं, उनके साथ सेल्फी खिंचवाई और ऑटोग्राफ भी दिए। माही की एक झलक पाने को युवा फैंस बेताब दिखे। सड़क से लेकर जिम परिसर तक प्रशंसकों का हुजूम उमड़ा रहा। सुरक्षा के सारे इंतजाम एक वक्त ध्वस्त हो गए। प्रशंसकों की भीड़ के चलते सिगरा-महमूरगंज मार्ग पर दो घंटे तक जाम की स्थिति रही।
रविवार रात आठ से नौ बजे तक पूरे एक घंटे तक धोनी ने जिम में वर्जिश की। इस दौरान उन्होंने स्ट्रेचिंग और वेट ट्रेनिंग के साथ साइकलिंग भी की। वर्जिश से फुर्सत मिलने के बाद घंटों से इंतजार कर रहे नन्हें प्रशंसकों के बीच पहुंचे और फिर शुरू हुआ ऑटोग्राफ और सेल्फी का सिलसिला। हालांकि अपने पूरे दौरे में माही ने मीडिया से दूरी बनाए रखी। वह अंदर जिम में वर्जिश करते रहे और बाहर सड़क पर प्रशंसकों की भीड़ टी-20 क्रिकेट के बादशाह की एक झलक पाने को डटी रही।
सूर्य डूबने को था जब दो दिवसीय दौरे पर बनारस पहुंचे धोनी अपनी लैंड रोवर कार से जिम पहुंचे। यहां नरेश मित्तल, राजकुमार जायसवाल, विवेक मित्तल, विनय मित्तल और डॉ. रघुराज सिंह ने बुके भेंटकर स्वागत किया। लगभग दो घंटे बाद रात नौ बजे वह वहां से अपने दोस्त अरुण पांडेय के साथ उनके घर चितईपुर के लिए निकले। मालूम हो कि सोमवार की सुबह धोनी डीपीएस वाराणसी में युवा क्रिकेटरों के बीच होंगे। यहां वे अपने अनुभव साझा करने के साथ ही युवाओं को क्रिकेट की टिप्स भी देंगे।